जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को दें सर्वोच्च प्राथमिकता: प्रमुख शासन सचिव

संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान और प्रभावी मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

जयपुर। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा ने मंगलवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभाग से संबंधित जन शिकायतों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। प्रमुख शासन सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा कर जल्द से जल्द समाधान किया जाए।

17 शिकायतकर्ताओं से हुई ई-जनसुनवाई

निरीक्षण के दौरान कुल 17 शिकायतकर्ताओं से ई-जनसुनवाई की गई। इनमें से 8 परिवादियों को विभाग की ओर से आंशिक राहत प्रदान की गई तथा संबंधित अधिकारियों को शेष समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।

हेमंत कुमार गेरा ने विभिन्न जिलों से प्राप्त शिकायतों को भी सुना। इनमें बाड़मेर के प्रताप सिंह की पेयजल आपूर्ति नहीं होने, भीलवाड़ा के राजेंद्र की दोषपूर्ण जल बिल, सवाई माधोपुर के रुपेश के यहां प्रदूषित पानी, दौसा के विजय सिंह की हैंडपंप मरम्मत तथा सीकर के कमलेश कुमावत को अलग-अलग खाता संख्या से दो बिल प्राप्त होने जैसी शिकायतें शामिल थीं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।

गुणवत्ता और गति दोनों पर जोर

प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में गुणवत्ता और गति दोनों का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। केवल शिकायत बंद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का प्रभावी समाधान हुआ हो। उन्होंने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, निस्तारण की समयसीमा कम करने तथा शिकायतों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हो रही सीधी जनसुनवाई

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ ही संबंधित अधिकारियों तक अपनी समस्या पहुंचा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित कर आमजन को राहत प्रदान करना है।

इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Share: