नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित मच्छार से की बात, पीएम मोदी संग इजरायल आने का दिया न्योता

नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बातचीत कर उनकी बहादुरी की सराहना की। नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का हीरो बताया। साथ ही उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का न्योता दिया।

नेतन्याहू ने बातचीत के दौरान कहा कि वह चाहते हैं कि कैप्टन स्मित मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय समारोह में उत्सव की मशाल जलाएं। यह सम्मान सामान्य तौर पर इजरायली नागरिकों के लिए निर्धारित होता है। नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को उनके साहस के लिए विशेष सम्मान देने की बात कही।

दरअसल, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके सह-पायलट ने हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों को हस्तक्षेप करने का मौका मिला। विमान में 174 यात्री सवार थे।

बातचीत में कैप्टन स्मित मच्छार ने नेतन्याहू को घटना के दौरान कॉकपिट के अंदर हुए घटनाक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि सह-पायलट प्रार्थना करने के लिए उठा था। कुछ देर बाद पीछे से उन पर हमला किया गया। हमले के बावजूद उन्होंने स्थिति को संभालने और कॉकपिट का दरवाजा खोलने की कोशिश जारी रखी।

नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित के साहस और मुश्किल परिस्थितियों में लिए गए फैसले की प्रशंसा करते हुए उन्हें जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्मित भारत और इजरायल के बहादुर लोगों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए भी हीरो हैं।

हालांकि, इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के संबंध में अंतिम औपचारिक चयन प्रक्रिया अभी बाकी है। द टाइम्स ऑफ इजरायल के अनुसार, मशाल जलाने वालों का चयन एक सलाहकार समिति और निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के तहत किया जाता है।

Share: