टेलीग्राम पर पार्ट टाइम नौकरी का झांसा देकर युवक से 1.75 लाख की साइबर ठगी

जयपुर। राजधानी जयपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां टेलीग्राम के जरिए पार्ट टाइम नौकरी और अधिक कमाई का लालच देकर एक युवक से करीब 1.75 लाख रुपये ठग लिए गए। ठगों ने गेम और टास्क पूरा करने के नाम पर युवक से बार-बार पैसे जमा करवाए। मामले में पीड़ित ने भट्टाबस्ती थाने में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।

भट्टाबस्ती थाना पुलिस के अनुसार शास्त्री नगर स्थित विजय नगर निवासी इमरान खान (36) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 29 अगस्त को उनके टेलीग्राम अकाउंट पर एक मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में प्रतिदिन 200 से 500 रुपये कमाने वाली पार्ट टाइम नौकरी का ऑफर दिया गया था। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद वे एक ग्रुप से जुड़ गए, जहां कई अन्य लोग भी शामिल दिखाई दे रहे थे।

ग्रुप में एक ऑनलाइन गेम के माध्यम से टास्क पूरा करने पर मुनाफा मिलने का दावा किया गया। शुरुआत में पीड़ित को बताया गया कि 2 हजार रुपये जमा करने पर 2,500 रुपये वापस मिलेंगे। पहली राशि जमा करने के बाद टास्क पूरा नहीं होने की बात कहकर उनसे 26,995 रुपये और जमा करवाए गए।

इसके बाद ठग लगातार नए-नए टास्क देते रहे और अधिक मुनाफे का लालच देकर रकम जमा करवाते रहे। आरोपियों ने पीड़ित से 58,600 रुपये भी जमा करवा लिए। जब पीड़ित ने पैसे नहीं होने की बात कही तो ठगों ने किसी से उधार लेकर राशि जमा करने का सुझाव दिया और दावा किया कि टास्क पूरा होने पर 1,06,550 रुपये मिल जाएंगे।

फंसी हुई राशि वापस पाने की उम्मीद में पीड़ित ने आगे भी पैसे जमा किए। बाद में आरोपियों ने एक और टास्क देकर 85,600 रुपये जमा करने के लिए कहा और बताया कि ऐसा करने पर कुल 2.06 लाख रुपये प्राप्त होंगे। अपनी पहले से जमा राशि वापस पाने के लालच में पीड़ित ने यह रकम भी जमा करवा दी।

लगातार पैसे जमा कराने के बावजूद कोई भुगतान नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का संदेह हुआ और उसने गेम खेलना बंद कर दिया। 15 सितंबर को आरोपियों ने दोबारा कॉल कर टास्क पूरा करने का दबाव बनाया। जब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उसे ब्लॉक कर दिया।

धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने भट्टाबस्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप्स पर मिलने वाले आकर्षक नौकरी और निवेश संबंधी ऑफरों से सतर्क रहें तथा बिना सत्यापन किसी भी लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे जमा करें।

Share: