मानव श्रृंखला बनाकर मतदाताओं को मतदान के लिए किया जागरूक
नगरीय निकाय आम चुनाव में अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर की ओर से चलाए जा रहे ‘स्वीप’ (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को रामबाग चौराहे पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. कॉलेज, एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महिला महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्वयंसेवकों तथा स्काउट मंडल मुख्यालय, स्काउट एवं गाइड, बनीपार्क के स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने राहगीरों और आम नागरिकों से आगामी 9 एवं 11 सितंबर 2026 को होने वाले मतदान में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। स्वयंसेवकों ने लोगों को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका बताते हुए अधिक से अधिक नागरिकों को चुनाव प्रक्रिया में सहभागी बनने का संदेश दिया।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना राजस्थान के क्षेत्रीय निदेशक एस.पी. भटनागर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता का मतदान करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं और एनएसएस स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे मतदाता जागरूकता के संदेश को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि अपने परिजनों, रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यदि युवा स्वयं मतदान के प्रति जागरूक होंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आमजन की भागीदारी को और मजबूत किया जा सकेगा।
सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर
जिला स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा तथा जिला स्वीप समन्वयक एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंकित शर्मा ने भी कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया मतदाता जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए मतदान से संबंधित जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से मतदान के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक कर सकते हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी की भावना जरूरी
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी ने कहा कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों और स्काउट-गाइड के सदस्यों द्वारा मानव श्रृंखला के माध्यम से दिया गया मतदान जागरूकता का संदेश समाज में सकारात्मक प्रभाव पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को अपनी सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देते हैं। साथ ही, इनके माध्यम से आम नागरिकों को मतदान के अधिकार और उसके महत्व के प्रति जागरूक किया जा सकता है।
अधिकारी, शिक्षक और स्वयंसेवक रहे मौजूद
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में रेणु जिंदल, डॉ. अनंत विजया सोनी, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. विशाल गौतम, डॉ. राकेश धाबाई, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक तथा स्काउट-गाइड स्वयंसेवक उपस्थित रहे। मानव श्रृंखला के माध्यम से स्वयंसेवकों ने आमजन को आगामी नगरीय निकाय चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
