वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के लिए 7 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन, लॉन्च हुआ खास ‘जिंक फिनिशर मेडल’

3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि, एआईएमएस प्रमाणित मैराथन में देश-विदेश के धावक लेंगे हिस्सा

4 और 5 सितंबर को फील्ड क्लब में होगा बिब एक्सपो

उदयपुर। वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण को लेकर धावकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 6 सितंबर 2026 को उदयपुर में आयोजित होने वाली एआईएमएस प्रमाणित मैराथन के लिए अब तक 7 हजार से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। मैराथन को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने आयोजन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इस दौरान इस वर्ष के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए ‘जिंक फिनिशर मेडल’ का भी अनावरण किया गया।

मैराथन की विभिन्न प्रतिस्पर्धी श्रेणियों में इस वर्ष 3.5 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को विशेष रूप से तैयार किया गया जिंक फिनिशर मेडल दिया जाएगा। यह मेडल धावकों के लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उदयपुर की पहचान और क्षेत्र की समृद्ध खनन विरासत की यादगार निशानी भी होगा।

माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरित है इस साल का मेडल

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के फिनिशर मेडल की खास पहचान हमेशा से जिंक सिटी उदयपुर और क्षेत्र की खनन विरासत से जुड़ी रही है। वर्ष 2026 के मेडल को हिंदुस्तान जिंक की माइंस और स्मेल्टर्स से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है। मेडल धावकों के धैर्य, समर्पण और दृढ़ता का प्रतीक है। इसके जरिए जिंक सिटी उदयपुर की औद्योगिक पहचान और हिंदुस्तान जिंक की विरासत को भी दर्शाया गया है।

तीन श्रेणियों में होगी मैराथन

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में इस वर्ष तीन प्रमुख श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन एवं चैंपियन रन शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में पेशेवर धावकों के साथ शौकिया रनर्स, कॉर्पोरेट टीमें, फिटनेस कम्युनिटी, परिवार और पहली बार मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागी भी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है।

पिछले साल 27 राज्यों और 6 से अधिक देशों के धावक पहुंचे

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के दूसरे संस्करण में पिछले वर्ष 27 राज्यों और 6 से अधिक देशों से करीब 7 हजार धावकों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष भी देश और विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के उदयपुर पहुंचने की उम्मीद है। उदयपुर की झीलें, अरावली पर्वतमाला और ऐतिहासिक धरोहर इस मैराथन को अन्य आयोजनों से अलग पहचान देती हैं। विशेष रूप से फतेहसागर झील के आसपास तैयार किया गया आकर्षक रूट प्रतिभागियों को दौड़ के साथ शहर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक खूबसूरती का अनुभव भी कराता है। यही वजह है कि इस मैराथन को देश की खूबसूरत मैराथन आयोजनों में शामिल किया जाता है।

खेल के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा

हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने भारत की सबसे खूबसूरत मैराथन के रूप में अपनी पहचान बनाई है। यह आयोजन उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता को हजारों धावकों के उत्साह और ऊर्जा से जोड़ता है।उन्होंने कहा कि मैराथन फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ खेल और वेलनेस टूरिज्म को भी प्रोत्साहित कर रही है। इससे स्थानीय होटल, परिवहन और सेवा क्षेत्र को लाभ मिल रहा है और जिंक सिटी उदयपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।

‘रन फॉर जीरो हंगर’ का संदेश

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन इस वर्ष भी अपने सामाजिक संदेश ‘रन फॉर जीरो हंगर’ को आगे बढ़ाएगी। इस पहल के जरिए खेलों को सामाजिक जागरूकता से जोड़ते हुए कुपोषण की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।मैराथन से पहले उदयपुर, जयपुर, उत्तराखंड और हिंदुस्तान जिंक की विभिन्न इकाइयों में प्रोमो रन तथा सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में 3 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। इनमें कंपनी के कर्मचारियों के साथ रनिंग कम्युनिटी और फिटनेस प्रेमियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

4 और 5 सितंबर को होगा बिब एक्सपो

मैराथन में पंजीकृत प्रतिभागियों के लिए बिब एक्सपो का आयोजन फील्ड क्लब, जिंक सिटी उदयपुर में किया जाएगा। प्रतिभागी यहां अपनी रेस बिब प्राप्त करने के साथ रेस से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे।

बिब एक्सपो का आयोजन:

  • 4 सितंबर 2026: दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक
  • 5 सितंबर 2026: सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक

खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल

एनीबडी कैन रन के सहयोग से आयोजित यह मैराथन हिंदुस्तान जिंक की सक्रिय जीवनशैली, खेल संस्कृति और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने की व्यापक पहल का हिस्सा है। कंपनी जिंक फुटबॉल अकादमी सहित विभिन्न सामुदायिक खेल कार्यक्रमों के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार काम कर रही है। ऐसे आयोजनों के जरिए फिटनेस, खेल और सामाजिक जिम्मेदारी को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

6 सितंबर को होने वाली वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन के साथ एक बार फिर उदयपुर में देश-विदेश के हजारों धावकों का उत्साह देखने को मिलेगा। झीलों की नगरी की खूबसूरत पृष्ठभूमि में होने वाला यह आयोजन खेल के साथ-साथ उदयपुर के पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होने की उम्मीद है।

Share: