हरियालो राजस्थान अभियान में प्रदेश ने रचा ऐतिहासिक कीर्तिमान, निर्धारित समय से पहले पूरा किया 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान ने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 10 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने पर्यावरण संरक्षण को भावनात्मक जुड़ाव से जोड़ते हुए देशभर में व्यापक जनजागरूकता पैदा की है। राजस्थान में हरियालो राजस्थान अभियान के माध्यम से इस भावना को व्यापक जनअभियान का स्वरूप मिला है। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ पौधों का रोपण प्रकृति के प्रति राजस्थान की सामूहिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है। यह उपलब्धि प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हरियालो राजस्थान अभियान के माध्यम से प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित भविष्य की मजबूत नींव तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण अभियान को आगे भी जारी रखें। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और रोपे गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करने की अपील की।
जनभागीदारी से मजबूत हो रहा हरित राजस्थान
हरियालो राजस्थान अभियान के तहत प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधारोपण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान में आमजन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले पूरा होना इस अभियान में लोगों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। सरकार की ओर से पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे प्रयासों के साथ आमजन की भागीदारी ने अभियान को व्यापक रूप दिया है।
राजस्थान जैसे भौगोलिक रूप से विविध और बड़े राज्य में हरित क्षेत्र का विस्तार पर्यावरणीय संतुलन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल पर जोर देकर अभियान को दीर्घकालिक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
सरकार का संदेश है कि सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी के माध्यम से राजस्थान को अधिक हरा-भरा बनाने की दिशा में निरंतर काम जारी रहेगा।
