अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, महज 30 गेंदों पर जड़ा शतक, रोहित शर्मा का कीर्तिमान किया ध्वस्त

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। अभिषेक ने महज 30 गेंदों में शतक पूरा कर भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का करीब नौ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। अभिषेक ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और केवल 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी रफ्तार और बढ़ाई और अगले 14 गेंदों में 51 रन जोड़कर 30 गेंदों में शतक पूरा किया।

रोहित शर्मा का 35 गेंदों का रिकॉर्ड टूटा

अभिषेक से पहले भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इंदौर में 35 गेंदों में शतक लगाया था। अभिषेक ने इस रिकॉर्ड को पांच गेंद पहले ही तोड़ दिया। अभिषेक का यह शतक सिर्फ भारतीय क्रिकेट के लिए ही नहीं, बल्कि टेस्ट खेलने वाले देशों के बल्लेबाजों के बीच भी सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक बन गया। कुल मिलाकर टी20 इंटरनेशनल में उनसे तेज शतक एस्टोनिया के साहिल चौहान और तुर्की के मोहम्मद फहाद ने लगाया है।

34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी

शतक पूरा करने के बाद भी अभिषेक ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक सके। वह 34 गेंदों पर 108 रन बनाकर राशिद खान का शिकार बने। उनकी पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। आईसीसी के अनुसार, उनकी 11 छक्कों वाली पारी भारत के किसी पुरुष बल्लेबाज द्वारा टी20 इंटरनेशनल में लगाए गए दूसरे सबसे ज्यादा छक्कों वाली पारियों में शामिल हो गई।

टी20 इंटरनेशनल में दो बड़े रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में एक और खास उपलब्धि हासिल की। वह टी20 इंटरनेशनल इतिहास में दो बार 40 से कम गेंदों में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 37 गेंदों में शतक लगाया था। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरा टी20 मुकाबला 127 रन से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की। अभिषेक को इस सीरीज के पहले दो मुकाबलों में भी 82 और 39 रन की पारियां खेली थीं।

भारतीय टी20 क्रिकेट में नया रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा का 30 गेंदों में शतक भारतीय टी20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी के एक नए मुकाम को दर्शाता है। रोहित शर्मा का 35 गेंदों का रिकॉर्ड लंबे समय तक कायम रहा, लेकिन अब अभिषेक ने उसे पीछे छोड़ दिया है। उनकी इस पारी ने उन्हें भारतीय टी20 क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक में एक खास स्थान दिला दिया है।

Share: