कश्मीर में लश्कर कमांडर मूसा ढेर, सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में किया खत्म
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग इलाके में सुरक्षाबलों को आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। कोराग क्षेत्र में मंगलवार देर रात शुरू हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा को मार गिराया गया। अभियान भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीम ने चलाया।
खुफिया सूचना के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान
सुरक्षा बलों को कोराग, यूसमर्ग क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी के संबंध में विशेष खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षाबलों ने संदिग्धों को चुनौती दी, जिसके बाद आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया। बाद में उसकी पहचान लश्कर कमांडर सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा के रूप में हुई।
तीन और आतंकियों के छिपे होने की आशंका
रिपोर्टों के मुताबिक, मुठभेड़ वाले इलाके में तीन अन्य आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र को देखते हुए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आतंकियों के संभावित भागने के रास्तों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था मूसा
सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा को लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर बताया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, वह वर्ष 2022 में घुसपैठ के जरिए कश्मीर घाटी में दाखिल हुआ था और इसके बाद क्षेत्र में अपना नेटवर्क सक्रिय करने में जुटा था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसके पीर पंजाल के दोनों ओर आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई थी।
रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि लश्कर में शामिल होने से पहले मूसा पाकिस्तानी एसएसजी कमांडो रह चुका था। सुरक्षाबल लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
यूसमर्ग में पहले भी मारा गया था लश्कर आतंकी
इससे पहले सितंबर में यूसमर्ग के ऊपरी इलाकों में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी आतंकी यासिर को मुठभेड़ में मार गिराया था। उस अभियान के बाद सुरक्षा बलों को उसके एक साथी के जंगलों में छिपे होने की आशंका थी। अब फौजी मूसा के मारे जाने के बाद इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया गया है।
सुरक्षाबलों का अभियान अभी जारी है और पूरे इलाके में तलाशी ली जा रही है।
